
सहनूपुर में आयोजित समारोह में बोले विधायक- 562 रियासतों को एकजुट कर सरदार पटेल ने रखी थी अखंड भारत की नींव, उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
हिंदी न्यूज़ 24
सगड़ी/आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के सहनूपुर स्थित सर्वोदय पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया गया। सगड़ी विधायक डॉ. एच.एन. सिंह पटेल ने फीता काटकर प्रतिमा का अनावरण करने के साथ ही नवनिर्मित होने वाले हॉल का शिलान्यास भी किया। इस दौरान आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. एच.एन. सिंह पटेल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की 562 रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। आज हम प्रतिवर्ष उन्हें याद करते हैं, लेकिन उनके आदर्शों और विचारों को जीवन में उतारने की जरूरत है। प्रतिमा का अनावरण तभी सार्थक होगा, जब हम उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लेंगे।
विधायक ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में पेपर लीक और नौकरियों में आरक्षण से जुड़ी अनियमितताओं के आरोप युवाओं के भविष्य के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर रहे हैं।
पूर्व विधायक नारायण पटेल ने सरदार वल्लभभाई पटेल को जननायक बताते हुए कहा कि उनका सपना था कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने अधिकारों को समझे और अपने हक की लड़ाई स्वयं लड़े। जागरूकता के अभाव में आज भी लोग अपने अधिकारों को नहीं पहचान पा रहे हैं। ऐसे में समाज को उनके विचारों को अपनाकर अधिकारों के प्रति जागरूक होने की जरूरत है।
पूर्व प्रत्याशी जयराम सिंह पटेल ने आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए अतिथियों और आयोजकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विचार समाज को नई दिशा देने का काम करते हैं और उनके आदर्श सदैव प्रासंगिक रहेंगे।
कार्यक्रम के आयोजक एवं ग्राम प्रधान अरुण सिंह पटेल ने कहा कि प्रतिमा स्थापना पूरे गांव के लिए गौरव का विषय है। वर्षों से देखी जा रही परिकल्पना आज साकार हुई है। प्रतिमा स्थापना के लिए गांव के लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार एक-एक रुपये का सहयोग दिया। यह प्रतिमा केवल स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सरदार पटेल के विचारों से जोड़ने का माध्यम बनेगी। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का मन मोह लिया। ग्राम प्रधान अरुण सिंह पटेल ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता देवनाथ सिंह पटेल ने की, जबकि संचालन फिल्म अभिनेता सत्य प्रकाश सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यासागर पटेल, नारायण सिंह पटेल, जयराम सिंह पटेल, श्रीनिवास पटेल, भजुराम पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।