कहासुनी के बाद छत के कमरे में गया युवक, फंदे से लटका मिला, मचा कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ शहर

बलरामपुर के कोट किला रोड मोहल्ले की घटना, जिला अस्पताल में चिकित्सक ने किया मृत घोषित; परिवार में मचा कोहराम

रिपोर्ट : शैलेश कुमार सिंह
बलरामपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के कोट किला रोड मोहल्ले में सोमवार देर रात एक युवक की मौत से सनसनी फैल गई। घर में कहासुनी के बाद युवक छत पर बने कमरे में चला गया। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने तलाश की तो वह कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।


जानकारी के अनुसार, कोट किला रोड निवासी सुधीर वर्मा (28) पुत्र स्व. जितेंद्र कुमार वर्मा सोमवार रात करीब 12:30 बजे घर में कहासुनी होने के बाद छत पर बने कमरे में चला गया। काफी देर तक उसके नीचे नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।


अनहोनी की आशंका में परिजनों ने बगल की छत के रास्ते अपनी छत पर पहुंचकर कमरे तक जाने का प्रयास किया। अंदर देखने पर सुधीर गंभीर हालत में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उसे नीचे उतारा और तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के पीछे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
बताया गया कि मृतक एक पुत्र का पिता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही पत्नी समेत परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *