कांवड़ यात्रा, सावन मेला व बारावफात को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने पीस कमेटी के साथ की बैठक

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, श्रद्धालुओं के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश


आजमगढ़, 22 जुलाई। आगामी कांवड़ यात्रा, सावन मेला, बारावफात एवं अन्य प्रमुख पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिऔध कला केंद्र में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और पीस कमेटी के सदस्यों ने हिस्सा लिया।


डीएम रविन्द्र कुमार ने कहा कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को समय से तैयारियां पूरी करने और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।


श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने नगर निकाय, जल निगम, विद्युत, स्वास्थ्य, परिवहन, लोक निर्माण सहित संबंधित विभागों को कांवड़ मार्गों, मंदिरों और मेला स्थलों पर विशेष साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, विश्राम स्थल तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।


डीजे और सुरक्षा व्यवस्था पर सख्ती
डीएम ने निर्देश दिए कि डीजे शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित किए जाएं। डीजे की ऊंचाई निर्धारित सीमा से अधिक न हो और किसी भी व्यक्ति को डीजे के ऊपर बैठने की अनुमति न दी जाए। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अधिकारियों को पूर्व सत्यापन के निर्देश भी दिए गए।


अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने तथा सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जनप्रतिनिधियों और धर्मगुरुओं से संवाद बनाए रखने के निर्देश
एसएसपी ने अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और आयोजन समितियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे।


जनपदवासियों से प्रशासन की अपील
बैठक के अंत में डीएम और एसएसपी ने जनपदवासियों से अपील की कि सभी लोग आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ पर्व मनाएं, किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *