हत्या के प्रयास के मामले में दो गिरफ्तार, फावड़ा बरामद

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण

जमीन के विवाद में दिया था घटना को अंजाम, निजामाबाद थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव का मामला


आजमगढ़। निजामाबाद थाना पुलिस ने सहन की भूमि के कब्जे के विवाद में हुए हत्या के प्रयास के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को ग्राम रघुनाथपुर निवासी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने थाना निजामाबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सहन की भूमि के कब्जे को लेकर अमन, अर्पित, मुकेश और निशा तिवारी ने उनके चाचा राजमणि तिवारी पर फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। तहरीर के आधार पर थाना निजामाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 184/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।


सूचना पर हुई गिरफ्तारी
बुधवार को उपनिरीक्षक मयंक कृष्ण उपाध्याय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि मुकदमे के वांछित आरोपी अर्पित तिवारी और निशा तिवारी रघुनाथपुर गेट के पास ऑटो का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।


निशानदेही पर बरामद हुआ फावड़ा
गिरफ्तारी के बाद आरोपी अर्पित तिवारी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक फावड़ा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया।


गिरफ्तार आरोपी
अर्पित तिवारी (21 वर्ष), पुत्र मुकेश तिवारी, निवासी रघुनाथपुर, थाना निजामाबाद।
निशा तिवारी (48 वर्ष), पत्नी मुकेश तिवारी, निवासी रघुनाथपुर, थाना निजामाबाद।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *