
पुलिस अधिकारियों ने दुर्गा पूजा पंडालों और मूर्ति विसर्जन स्थल का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, शांतिपूर्ण ढंग से पर्व संपन्न कराने पर जोर
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर सोमवार को मुबारकपुर कस्बे में पुलिस अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था और मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक के नेतृत्व तथा सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर की मौजूदगी में थाना मुबारकपुर क्षेत्र के कस्बा बाजार में पैदल गश्त की गई।
पुलिस अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आजमगढ़ पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सतत निगरानी के साथ प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।