स्कूल से घर लौटी कक्षा 11 की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मचा कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


मां ने खाना खाकर आराम करने को कहा, कुछ देर बाद कमरे में मिला शव; मौत की वजह स्पष्ट नहीं
बरदह थाना क्षेत्र के मिर्जा जगदीशपुर गांव का मामला, पुलिस ने कहा- घटना की जानकारी कराई जा रही है

हिंदी न्यूज़ 24
बरदह/आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के मिर्जा जगदीशपुर गांव में कक्षा 11 में पढ़ने वाली एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, परिजनों ने शव को दफना दिया है, हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी इकबाल अंसारी की पुत्री आरजू बागेश्वरी देवी इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी। वह तीन बहनों में सबसे छोटी थी। परिजनों के मुताबिक, स्कूल से घर लौटने के बाद उसकी मां ने उसे खाना खाकर आराम करने के लिए कहा। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद कमरे में उसका शव मिलने की बात सामने आई।
ग्रामीणों का दावा है कि पिछले कुछ दिनों से छात्रा परेशान नजर आ रही थी और उसके व्यवहार में भी बदलाव देखा गया था। हालांकि, उसकी परेशानी की वजह क्या थी और उसकी मौत कैसे हुई, इस बारे में अभी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है। शव को दफन किए जाने की चर्चा के बीच मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अहम मानी जा रही है।
इस संबंध में बरदह थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। मामले की जानकारी कराई जाएगी। वहीं, ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार पटेल ने आशंका जताई कि छात्रा बीमार भी हो सकती थी। दूसरी ओर, ग्रामीणों के अनुसार, छात्रा स्कूल गई थी और घर लौटने के बाद यह घटना हुई।
एसपी सिटी मानुष पारीक को भी मामले की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि वह मामले को दिखवाएंगे। फिलहाल छात्रा की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *