चंडीगढ़ में सड़क हादसे ने छीनी जिवली के राजेश राय की जिंदगी, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


कंपनी से कमरे पर जाते समय बड़े अज्ञात वाहन की चपेट में आए 50 वर्षीय राजेश राय उर्फ डब्बू, पत्नी मुन्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल

हिंदी न्यूज़ 24
बरदह/आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के जिवली गांव निवासी राजेश राय उर्फ डब्बू (50) पुत्र अवधेश राय की पंजाब के चंडीगढ़ में सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार देर रात करीब 9:30 बजे कंपनी से काम खत्म कर बाइक से अपने कमरे पर जाते समय वह एक बड़े अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल राजेश को पुलिस अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही गांव स्थित घर में कोहराम मच गया।
राजेश राय पिछले करीब 10 वर्षों से चंडीगढ़ में एक निजी कंपनी में काम कर रहे थे। वह वहीं रहकर काम करते हुए अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बुधवार देर शाम कंपनी से काम खत्म करने के बाद वह बाइक से अपने कमरे पर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक बड़े अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तीन भाइयों में सबसे बड़े थे राजेश
राजेश राय तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। वह पत्रकार उमेश राय के चचेरे बड़े भाई थे। उनके परिवार में पत्नी मुन्नी और दो पुत्र हैं। राजेश की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी मुन्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बेटे को खोने के गम में मां भी बदहवास हैं।
हादसे की खबर से गांव में शोक की लहर
राजेश की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजन चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए। परिवार के सदस्यों के विलाप से गांव में शोक का माहौल है। करीब 10 वर्षों से चंडीगढ़ में रहकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले राजेश की असमय मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव और क्षेत्र के लोग शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *