जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के लिए एक नवंबर को लगेगा मेगा कैंप

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगों और वंचित वर्ग के लाभार्थियों की होगी पहचान, जिला प्रशासन और न्यायिक अधिकारियों की कमेटी करेगी निगरानी
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अंकित वर्मा ने दी जानकारी, तहसील और ब्लॉक स्तर पर तैयारियां शुरू

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण तथा जनपद न्यायाधीश के निर्देश पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए एक नवंबर को मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगों और वंचित वर्ग के जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने की पहल की जाएगी।
यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अंकित वर्मा ने बुधवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में कल्याणकारी राज्य की अवधारणा निहित है। इसका उद्देश्य शासन की योजनाओं के माध्यम से आम जनता का कल्याण सुनिश्चित करना और जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकारों का लाभ दिलाना है।
उन्होंने बताया कि मेगा कैंप के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए एक कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ न्यायिक अधिकारियों को भी शामिल किया गया है।
अंकित वर्मा ने बताया कि शासन की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और आम जनता अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो। मेगा कैंप को सफल बनाने के लिए तहसील और ब्लॉक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि पात्र लाभार्थियों का सही तरीके से चयन कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *