
बरदह थाना व फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में हुई सर्पदंश की घटनाएं
बलरामपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बीते 24 घंटे के दौरान सर्पदंश की घटनाओं में एक और मासूम समेत दो की मौत हो गई। बरदह थाना व फूलपुर कोतवाली क्षे़त्र में हुई घटनाओं से परिजनों में कोहराम मच गया है।
बरदह थाना क्षेत्र के खजुरा गांव निवासी 09 वर्षीय अर्पित पुत्र अजय मंगलवार की शाम घर के पास खेल रहा था। खेलते समय उसकी गेंद घर के अंदर चली गई। गेंद तलाशने के दौरान घर में छिपे जहरीले सांप ने उसे डंस लिया। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए जौनपुर जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अर्पित कक्षा तीन का छात्र था और चार बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के धर्मदासपुर गांव निवासी 68 वर्षीय भोलेनाथ पांडेय मंगलवार की शाम खेत में मेड़ बांध रहे थे। इसी दौरान जहरीले सांप ने उन्हें डंस लिया। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे एक पुत्र सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।