
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत चंदेश्वर के दुर्गा जी पीजी कॉलेज में आयोजन, 13 विद्यार्थियों को मिला पुरस्कार
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की चंदेश्वर शाखा एवं क्षेत्रीय कार्यालय आजमगढ़ उत्तर की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत बुधवार को श्री दुर्गा जी पीजी कॉलेज, चंदेश्वर में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कुल 136 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार दिए गए। इसके साथ ही 10 विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को सतर्कता, ईमानदारी, पारदर्शिता तथा भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति के प्रति जागरूक करना था। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों को अपनाने और समाज में ईमानदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के केंद्रीय सतर्कता विभाग से श्रेय गुप्ता, आजमगढ़ उत्तर के सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार यादव, दक्षिण के चंदन कुमार, चंदेश्वर शाखा प्रबंधक रामानंद मिश्र और कॉलेज के प्राचार्य प्रो. बृजेश कुमार सहित कॉलेज के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। ईमानदारी, जवाबदेही और पारदर्शिता को अपनाकर ही सशक्त, विश्वसनीय और भ्रष्टाचार मुक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।
यूनियन बैंक की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों में सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।