
राष्ट्रपति के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा, मतदाता सूची की गहन जांच और पंचायत चुनाव शीघ्र कराने की उठाई मांग
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रीय आह्वान पर बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को रद्द करने की मांग को लेकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर मानव शृंखला बनाकर विरोध जताया और राष्ट्रपति के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।

भाकपा कार्यकर्ता कुंवर सिंह उद्यान में एकत्र हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रशासनिक अधिकारी संतोष श्रीवास्तव को सौंपे गए ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, एसआईआर रद्द करने, उत्तर प्रदेश के पीलीभीत और आजमगढ़ की मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों के आधार पर पूरे प्रदेश की मतदाता सूचियों की गहन जांच कराने, देश में कानून-व्यवस्था और न्याय का राज कायम करने सहित पांच सूत्रीय मांगें उठाई गईं।
ज्ञापन सौंपने के बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर उत्तर से दक्षिण तक हाथों में हाथ डालकर मानव शृंखला बनाई। इस दौरान ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’, ‘लोकतंत्र में तानाशाही नहीं चलेगी’ और ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो’ जैसे नारे लगाए गए।

भाकपा के जिला सचिव जितेंद्र हरि पांडेय ने कहा कि इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित रिपोर्ट में दो सहायक चुनाव आयुक्तों की ओर से 14 बार असहमति जताए जाने की बात सामने आने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की ओर से इन सवालों पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया है। उनके मुताबिक, इसी कारण भाकपा सहित कई प्रमुख विपक्षी दल विरोध जता रहे हैं।
भाकपा उत्तर प्रदेश राज्य परिषद के सदस्य हामिद अली ने मतदाता आवेदन फॉर्म-6 में कथित मनमानी और हेरफेर का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर जनता का भरोसा प्रभावित हुआ है। उन्होंने केंद्र सरकार पर मुख्य चुनाव आयुक्त को संरक्षण देने के लिए कानून बनाने का आरोप भी लगाया।
हामिद अली ने उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव कराने के उच्च न्यायालय के आदेश का उल्लेख करते हुए प्रदेश सरकार से शीघ्र पंचायत चुनाव कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाकपा इन मुद्दों को लेकर जन आंदोलन जारी रखेगी।
प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश किसान सभा के अध्यक्ष इम्तियाज बेग, रामाज्ञा यादव, मंगलदेव, मो. शेख ओबेदुल्ला, बालेदीन यादव, खरपत्तू राजभर, लालचंद यादव, हीरालाल चौहान, मखडू राजभर, अशोक राय, अजय कुमार तिवारी, दुइज यादव, राम भुवाल, गुलाब मौर्य, सुरेश गुप्ता, मो. सऊद, राम हरख, दयाराम, मुकुंदी, प्रमिला और रूना सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।