तीन साल से फरार ₹25 हजार का इनामी गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


घर का ताला तोड़कर चोरी के मामले में था वांछित, ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था आरोपी

हिंदी न्यूज़ 24
जीयनपुर। घर का ताला तोड़कर आभूषण, बर्तन और नकदी चोरी करने के मामले में तीन साल से अधिक समय से फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी आरोपी को जीयनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में उसे मंगलवार को चंगईपुर तिराहा से दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार, पनशब्दा निवासी स्वेता सिंह ने छह जुलाई 2022 को जीयनपुर थाने में तहरीर देकर सर्वेश सिंह पुत्र गोपाल सिंह और विकाश उर्फ अभिषेक पुत्र कैलाश सिंह के खिलाफ घर का ताला तोड़कर आभूषण, बर्तन और रुपये चोरी करने का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में मुकदमा अपराध संख्या 440/2022 के तहत धारा 457 व 380 भादवि में कार्रवाई हुई थी।
विवेचना के दौरान विकाश उर्फ अभिषेक के कब्जे से ₹20,024 बरामद हुए थे। इसके बाद मुकदमे में धारा 411 भादवि की बढ़ोतरी कर उसके खिलाफ आरोप-पत्र न्यायालय भेज दिया गया। वहीं, दूसरा आरोपी सर्वेश सिंह लगातार पुलिस की गिरफ्तारी से बचता रहा।
न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर 31 दिसंबर 2023 को उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की गई और धारा 457/380/411 भादवि में चालान मफरूरी किया गया। लगातार फरार रहने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सात सितंबर 2026 को उसकी गिरफ्तारी पर ₹25 हजार का पुरस्कार घोषित किया था।
चंगईपुर तिराहे से दबोचा
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को वांछित और पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीयनपुर पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने चंगईपुर तिराहा पर घेराबंदी की। इसी दौरान सुबह करीब 10:55 बजे पनशब्दा निवासी सर्वेश सिंह (30) को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी थाना रौनापार में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 427/2022, धारा 363/366 भादवि में भी वांछित है। इस मामले की विवेचना एएचटीयू आजमगढ़ द्वारा की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *