मुंबई के फ्लैट चाहिए थे! विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


मायके वालों का सनसनीखेज आरोप: मुंबई के फ्लैटों की मांग को लेकर रीमा को किया जाता था प्रताड़ित, मौत पर भी नहीं मिला ससुरालियों से स्पष्ट जवाब हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। मुंबई में मायके पक्ष के दो फ्लैटों की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने के आरोपों के बीच 33 वर्षीय रीमा प्रजापति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अबुसईदपुर गांव में सोमवार को हुई घटना की जानकारी मिलते ही मायके वाले मौके पर पहुंचे। ससुराल पक्ष से मौत का स्पष्ट कारण नहीं मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी बरखू प्रजापति अपनी पत्नी के साथ मुंबई में रहकर एक कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि करीब नौ वर्ष पहले उनकी 33 वर्षीय बेटी रीमा की शादी गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अबुसईदपुर गांव निवासी तारकेश प्रजापति से हुई थी।
मृतका के पिता बरखू प्रजापति का आरोप है कि मुंबई में उनके दो फ्लैट हैं। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उनकी बेटी से इन फ्लैटों की मांग करते थे। आरोप है कि मांग पूरी कराने के लिए रीमा को आए दिन तरह-तरह से प्रताड़ित किया जाता था।
सोमवार को रीमा के पति तारकेश ने फोन कर उसके अचानक मौत होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग अबुसईदपुर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, उन्होंने ससुराल वालों से रीमा की मौत का कारण पूछा, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग बीमारी की बात कहकर मौत का कारण बता रहे थे।
मायके वालों ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मायके में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *