पुरानी रंजिश में घर पर हमला, महिला समेत दो घायल, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी का आरोप

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम

आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर कई नामजद लोगों के खिलाफ कंधरापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।


एफआईआर के अनुसार, 28 जुलाई की शाम करीब 7:15 बजे आरोपित लाठी-डंडों से लैस होकर पीड़ित के घर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए घर में तोड़फोड़ की, पानी की टंकी, सप्लाई पाइप, टिन शेड और सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही भैंस की भी पिटाई की।


पीड़ित का आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंची उसके छोटे भाई की पत्नी सरवरी को भी लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। शोर सुनकर लोग जुटे तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल महिला को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।


पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपित पहले भी कई बार उसके परिवार के साथ मारपीट कर चुके हैं और घटना के सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *