
धान की रोपाई कर सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
आजमगढ़। मेहनगर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में सार्वजनिक चारागाह की भूमि पर कथित अतिक्रमण के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई लेखपाल की तहरीर पर की गई।
एफआईआर के अनुसार, गाटा संख्या 1787 की नवीन परती/चारागाह भूमि पर आरोपियों ने कब्जा कर धान की रोपाई कर दी। शिकायत में कहा गया है कि संबंधित लोगों को कई बार सार्वजनिक भूमि खाली करने के लिए कहा गया, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण कर खेती का कार्य किया गया।
पुलिस ने इस मामले में अनिलदेव पुत्र सहाबल (जाति मौर्य), बलराम पुत्र मकबूल (जाति प्रजापति) और शिवनाथ यादव पुत्र मूरत यादव को नामजद करते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मोहम्मद आलम को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।