घर में घुसकर दंपती को पीटा, महिला की बाली छीनी, सामान तोड़ा

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


जमीन विवाद को लेकर छह लोगों पर गंभीर आरोप, कोतवाली में दर्ज हुई एफआईआर

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र के जियानपुर कठरवां गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर एक दंपती के साथ मारपीट, घर में घुसकर तोड़फोड़ और महिला के कान की बाली छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर एक अक्टूबर 2026 को दर्ज की गई।
एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता का अपने पड़ोसी से दीवानी न्यायालय में जमीन संबंधी मुकदमा चल रहा है। आरोप है कि 10 नवंबर 2025 की सुबह करीब आठ बजे पड़ोसी अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ विवादित स्थल पर पहुंचे। शिकायतकर्ता ने वहां जाने से मना किया और न्यायालय में मामला विचाराधीन होने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और उसे धमकाया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद नामजद लोग उसके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे तथा लात-घूंसों से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पति को पिटता देखकर उसकी पत्नी बचाने पहुंची तो आरोप है कि उसके साथ भी मारपीट की गई। इसी दौरान एक आरोपित ने महिला के कान की बाली छीन ली।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर दंपती को बचाया। आरोप है कि जाते समय आरोपितों ने घर में रखे सामान को लाठी से तोड़ दिया, जिससे करीब दो हजार रुपये का नुकसान हुआ। साथ ही शिकायतकर्ता और उसके परिवार को कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित के मुताबिक, घटना की सूचना पुलिस को देने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने अपने और पत्नी के चोटों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
मामले में पुलिस ने छह लोगों को नामजद किया है। इनमें राचंदर, अनिल, सोनू, बानी, ललिता और रोली के नाम दर्ज हैं।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक उदय शंकर तिवारी को सौंपी है। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, 351(3), 309(2), 324(4), 131, 333 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *