
आजमगढ़। सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लोगों से रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ साइबर क्राइम थाना आजमगढ़ ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आया कि फेसबुक अकाउंट का पासवर्ड बदलकर पीड़ित के परिचितों से रुपये मंगवाए गए। मामले में दो सगे भाइयों के नाम सामने आने के बाद उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
साइबर थाना को प्रतिबिंब पोर्टल से प्राप्त संदिग्ध मोबाइल नंबरों एवं एनसीआरपी शिकायतों की जांच के दौरान पता चला कि पीड़ित के फेसबुक अकाउंट का एक्सेस वापस दिलाने के नाम पर 1,000 रुपये की साइबर ठगी की गई थी। तकनीकी जांच में मोबाइल नंबर, सीडीआर और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई।
जांच के दौरान सामने आया कि मोबाइल नंबर का उपयोग अब्दुल कुद्दूस पुत्र कुरेशिया, बर्रा आजमगढ़ के नाम से हो रहा था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसका भाई फहीम फेसबुक आईडी और पासवर्ड लेने के बहाने लोगों से साइबर ठगी करता है। जांच में यह भी सामने आया कि इंस्टाग्राम और फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों को झांसे में लिया जाता था तथा उनसे ऑनलाइन रुपये मंगवाए जाते थे।
साइबर थाना पुलिस ने उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों, बैंक खाते के विवरण, मोबाइल डेटा और एनसीआरपी शिकायतों के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।