कोर्ट के आदेश का असर!बरदह थाने में आखिरकार दर्ज हुई FIR

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और ₹10 हजार की नकदी लूट के आरोप में 4 नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज


पीड़ित की शिकायत पर पहले नहीं हुई थी कार्रवाई, कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।


आजमगढ़: कोर्ट के आदेश का असर, बरदह थाने में घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और नकदी लूट के मामले में FIR दर्ज
आजमगढ़। न्यायालय के आदेश के बाद बरदह थाना पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़ और नकदी लूट के आरोप में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामला बरदह थाना क्षेत्र के बक्सपुर गांव का है।


पीड़ित अब्दुल रहमान ने न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया था कि 20 मई 2026 की रात गांव के ही मोहम्मद आरिफ, जमालुद्दीन उर्फ अच्छू, मोहम्मद अहमद और मोहम्मद सरवर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि चारों ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की, बीच-बचाव करने पहुंची मां और बहन के साथ अभद्रता की तथा घर में रखी अलमारी तोड़कर करीब 10 हजार रुपये नकद निकाल लिए। आरोपियों पर घर में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पीड़ित का कहना था कि घटना की सूचना बरदह थाना पुलिस और बाद में पुलिस अधीक्षक को भी दी गई, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली।


मामले की सुनवाई के दौरान अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (कोर्ट संख्या-16), आजमगढ़ ने प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध मानते हुए बरदह थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करने का आदेश दिया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *