
रास्ते से गुजर रहे व्यक्ति को घेरकर मारपीट का आरोप, भतीजे को जमीन पर पटककर गला दबाने की भी शिकायत
कोर्ट के आदेश पर गंभीरपुर थाने में आठ नामजद समेत कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गंभीरपुर। थाना क्षेत्र के हरईरामपुर गांव में जमीन पर कब्जे के विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। विजय कुमार राय की तहरीर पर पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों समेत पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर लाठी-डंडे और फावड़े से हमला करने, जान से मारने की धमकी देने तथा भतीजे का गला दबाने का आरोप लगाया गया है।
मिट्टी डालकर कब्जे का आरोप
तहरीर के अनुसार घटना 17 मई 2026 की शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। विजय कुमार राय अपनी पत्नी के साथ जनगणना कार्य के सिलसिले में विनय पाठक के घर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में रामकिशन यादव समेत अन्य आरोपी कुछ अज्ञात लोगों के साथ लाठी-डंडे और फावड़े से लैस होकर उनकी भूमि की उत्तरी मेड़ गिराकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी डाल रहे थे। आरोप है कि वहां लगे हरे आम के पेड़ भी काटकर फेंक दिए गए।
फावड़े से वार, भतीजे का गला दबाने का आरोप
विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए विजय कुमार को दौड़ा लिया। भागने का प्रयास करने पर घेरकर लाठी-डंडों से पीटने का आरोप है। तहरीर में कहा गया है कि बिरराम यादव ने जान से मारने की नीयत से फावड़े से वार किया, लेकिन वह बच गए। इसी दौरान रविंद्र उर्फ जीवा पर विजय के भतीजे निषेश को जमीन पर पटककर गला दबाने का आरोप लगाया गया है।
मामले में पुलिस ने शुरू की जांच
शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने मोटरसाइकिल की डिग्गी और शीशे की लाइट तोड़ दी, जिससे करीब पांच हजार रुपये का नुकसान हुआ। शिकायतकर्ता के अनुसार पहले पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया। न्यायालय के आदेश के बाद 12 अगस्त को गंभीरपुर थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार मिश्र को विवेचना सौंपी गई है।