प्लॉटिंग के नाम पर 6.20 लाख रुपये हड़पे, जमीन भी नहीं दी, रुपये मांगने पर टालमटोल और धमकी देने का भी आरोप

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण

2019 में तीन लाख रुपये एडवांस देने के बाद चेक से भी लिए 3.20 लाख, दो लाख का चेक बैंक पहुंचने पर खाते में नहीं मिली रकम
आजमगढ़। प्लॉटिंग के नाम पर जमीन देने का झांसा देकर 6.20 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। बिलरियागंज थाना पुलिस ने रामानन्द प्रजापति की तहरीर पर शोभनाथ के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर 12 अगस्त 2026 की रात दर्ज की गई।
जियापुर क्षेत्र निवासी रामानन्द प्रजापति के अनुसार वर्ष 2019 में आरोपी शोभनाथ, जो प्लॉटिंग का काम करता था, ने बिलरियागंज-महराजगंज मार्ग पर जमीन दिलाने के नाम पर उनसे तीन लाख रुपये लिए। इसके बाद आरोपी ने अपने खाते से चेक के माध्यम से उन्हें 3.20 लाख रुपये दिए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम प्राप्त करने के बाद आरोपी लगातार आजकल कहकर टालता रहा।
आरोप है कि बाद में आरोपी ने पांच हजार रुपये नकद दिए और दो लाख रुपये का एक चेक दिया। शिकायतकर्ता जब चेक लेकर बैंक पहुंचा तो खाते में पर्याप्त रकम नहीं थी। इसके बाद वह रुपये वापस लेने के लिए आरोपी के प्लॉट पर जाता रहा। आरोप है कि आरोपी ने जमीन देने या रुपये लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन मामला लगातार टलता रहा।
रामानन्द ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपी ने छल-कपट और फर्जी तरीके से धोखा देकर उसके 6.20 लाख रुपये हड़प लिए। शिकायतकर्ता के अनुसार स्थानीय थाने में पहले सूचना देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर उपनिरीक्षक रतन सिंह पटेल को जांच सौंपी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *