
देवारा में स्कूल के लिए डीएम को ज्ञापन, 12-13 किमी दूर है राजकीय विद्यालय
आजमगढ़। महाराजगंज के देवारा क्षेत्र में मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय बनाने की मांग तेज हो गई है। देवारा विकास सेवा समिति ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर ग्राम पंचायत देवारा जदीद स्थित खाता संख्या 2634 की करीब पांच हेक्टेयर सरकारी जमीन विद्यालय के लिए आवंटित करने की मांग की है।
समिति के जिलाध्यक्ष सोनू यादव ने बताया कि क्षेत्र में कक्षा 12 तक का निकटतम राजकीय विद्यालय 12 से 13 किलोमीटर दूर है। डिग्री कॉलेज की दूरी करीब 20 किलोमीटर है। इससे बच्चों, खासकर छात्राओं को पढ़ाई के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। आवागमन और सुरक्षा की परेशानी के कारण कई छात्राएं आगे की पढ़ाई भी छोड़ देती हैं।
भूमि विवाद में अटका है पुराना प्रस्ताव
मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय के लिए पहले नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम में जमीन चिन्हित की गई थी। भूमि विवाद के कारण प्रस्ताव लंबित है। प्रयास सामाजिक संगठन के इंजीनियर सुनील यादव के अनुसार देवारा जदीद में करीब पांच हेक्टेयर सरकारी जमीन खाली है। ग्राम प्रधान की ओर से विद्यालय निर्माण का प्रस्ताव भी दिया जा चुका है।
समिति ने कहा कि इसी जमीन पर विद्यालय बनने से क्षेत्र के हजारों बच्चों को घर के पास शिक्षा मिलेगी। मांग पूरी नहीं होने पर समिति ने आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान ई. सुनील यादव, ई. अमित यादव, रजनीश यादव आदि मौजूद रहे।