9 अगस्त से शुरू होगा हर घर तिरंगा अभियान

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


17 अगस्त तक घर-घर लहराएगा तिरंगा, आजमगढ़ में साढ़े तीन लाख झंडे बांटने की तैयारी
आजमगढ़। आजादी के अमृत महोत्सव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले में हर घर तिरंगा अभियान-2026 शनिवार से शुरू होगा। अभियान 17 अगस्त तक चलेगा। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने जिलेवासियों से अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यस्थल पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रप्रेम, एकता और गौरव का संदेश देने की अपील की है।


जिलाधिकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में दो लाख और नगरीय निकायों में डेढ़ लाख, यानी कुल साढ़े तीन लाख तिरंगे प्रशासन की ओर से वितरित किए जाएंगे। अभियान के दौरान तिरंगा रैली, तिरंगा कॉन्सर्ट, स्वतंत्रता दिवस समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, रंगोली और तिरंगा थीम पर प्रकाश सज्जा समेत विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
तिरंगे के साथ सेल्फी भी होगी अपलोड
अभियान में भौतिक कार्यक्रमों के साथ डिजिटल भागीदारी भी कराई जाएगी। नागरिक तिरंगे के साथ सेल्फी और ‘वंदे मातरम’ गायन के वीडियो-फोटो हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में सेल्फी प्वाइंट बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
15 अगस्त को होगा तिरंगा कॉन्सर्ट
स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा कॉन्सर्ट आयोजित किया जाएगा। इसमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और युद्ध में शहीद हुए जवानों के परिजनों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में देशभक्ति गीत, तिरंगा गान, सामूहिक ‘वंदे मातरम’ और पुलिस, स्कूल व अन्य बैंड की प्रस्तुतियां होंगी।
सरकारी भवनों पर होगी तिरंगा सजावट
अभियान के तहत सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, अस्पताल, विद्यालय, बाजार और प्रमुख चौराहों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा व अलंकरण कराया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम की रंगोली और विद्यालयों में स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र व तिरंगा प्रेरित कलाकृतियां भी बनाई जाएंगी।


डीएम ने कहा कि तिरंगा केवल ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। अभियान में हर नागरिक की भागीदारी राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *