महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर

11 अगस्त को राज्यपाल के आजमगढ़ दौरे की तैयारियां तेज, डीएम ने दिए अफसरों को जरूरी निर्देश

आजमगढ़। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के 11 अगस्त को आजमगढ़ दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्यपाल महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने शनिवार को कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दीक्षांत समारोह में राज्यपाल विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों के मेधावी छात्र-छात्राओं को डिग्री एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगी। विश्वविद्यालय परिसर में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए किट वितरण और स्वास्थ्य विभाग की ओर से बच्चियों के टीकाकरण का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
आश्रमों का भी कर सकती हैं भ्रमण
राज्यपाल के जनपद भ्रमण के दौरान चंद्रमा ऋषि आश्रम और दत्तात्रेय आश्रम जाने का कार्यक्रम भी संभावित है। इसे देखते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ राकेश कुमार पटेल की मौजूदगी में मुख्य राजस्व अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय संजीव ओझा को नगरीय क्षेत्रों में तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
रूट की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त
राज्यपाल के निर्धारित रूट की सड़कों की मरम्मत और उन्हें गड्ढामुक्त कराने के लिए डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया। अधिकारियों से सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा कर कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की कमी न रहने देने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *