
मसुविवि के तृतीय दीक्षांत समारोह में 88 मेधावियों को मिलेंगे पदक, पंकज भाई मकवाना को मानद उपाधि
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय का तृतीय दीक्षांत समारोह 11 अगस्त को होगा। समारोह के मुख्य अतिथि पद्म विभूषण एवं प्रख्यात बांसुरी वादक पं. हरिप्रसाद चौरसिया होंगे। गुजरात के सुरेंद्रनगर के प्रसिद्ध पटोला बुनकर प्रशिक्षक एवं समाजसेवी पंकज भाई डूंगरभाई मकवाना को मानद उपाधि प्रदान की जाएगी। समारोह में कुल 88 मेधावियों को पदक दिए जाएंगे। इस बार भी पदक हासिल करने में छात्राओं ने बाजी मारी है।
शिबली नेशनल कॉलेज के स्मार्ट क्लास में आयोजित प्रेसवार्ता में कुलपति प्रो. संजीव कुमार, कुलसचिव अमृतलाल और परीक्षा नियंत्रक आनंद कुमार मौर्य ने समारोह की तैयारियों की जानकारी दी। कुलपति ने बताया कि राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल 10 अगस्त को आजमगढ़ पहुंचेंगी। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे विश्वविद्यालय परिसर में दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
समारोह की शुरुआत एचपीवी टीकाकरण के अवलोकन से होगी। इसके बाद बच्चों की चित्रकला और स्टार्टअप प्रदर्शनी का अवलोकन, नवनिर्मित कार्यों का लोकार्पण और शैक्षिक शोभायात्रा होगी। छात्राएं राष्ट्रगीत और कुलगीत प्रस्तुत करेंगी। कुलाधिपति उपाधि और पदक वितरित करेंगी। डिजीलॉकर में अंकपत्र एवं उपाधि के समावेशीकरण की प्रक्रिया भी होगी। कुलाधिपति आजमगढ़ और मऊ के पांच-पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किट व टीका प्रमाणपत्र देंगी। प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को पुस्तकें और कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को कलर बुक व कलर वितरित किए जाएंगे।
दीक्षांत में ड्रेस कोड अनिवार्य
समारोह में ड्रेस कोड अनिवार्य रहेगा। पुरुष कुर्ता-पायजामा/धोती, महिलाएं लाल बॉर्डर वाली सफेद साड़ी और छात्राएं सफेद सलवार-सूट व दुपट्टे में शामिल होंगी।