उप मुख्यमंत्री ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लिया जायजा

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जांच, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को विकासखंड ठेकमा के ग्राम जिवली स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं के स्टॉक और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों से आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और केंद्र की व्यवस्थाओं के संबंध में पूछताछ की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को उपचार के लिए भटकना न पड़े।

ग्रामीणों को घर के पास मिले बेहतर इलाज
ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुगम और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शामिल है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाए। स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए और सामने आने वाली कमियों का तत्काल निस्तारण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह एवं विनोद राजभर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर वर्मा, एसीएमओ डॉ. उमा शरण पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *