
आर्यमगढ़ दुर्गा पूजा महासमिति ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, हथिया की ओर सुव्यवस्थित घाट विकसित करने की भी उठाई आवाज
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। दुर्गा पूजा एवं विजयादशमी पर्व को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आर्यमगढ़ दुर्गा पूजा महासमिति ने आजमगढ़ में स्थायी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थल विकसित करने की मांग उठाई है। महासमिति के अध्यक्ष अरविन्द मोदनवाल की अगुवाई में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्थायी व्यवस्था के लिए ठोस एवं समयबद्ध कार्यवाही की मांग की।
अध्यक्ष अरविन्द मोदनवाल ने कहा कि स्थायी विसर्जन स्थल की जरूरत केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनसुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक आयोजनों की गरिमा से भी जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नगर की दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन हथिया और सिधारी तट के आसपास अस्थायी व्यवस्था के तहत कराया जाता है। भीड़, यातायात और नदी की सुरक्षा से जुड़ी परिस्थितियों के कारण यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
पक्का घाट, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था की मांग
महासमिति के नगर संयोजक हिमांशु राज ने नगर में स्थायी, सुरक्षित और सर्वसुविधायुक्त विसर्जन स्थल विकसित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्थल पर पक्का घाट, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और सुगम पहुंच मार्ग जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
उन्होंने पंडाल स्थलों के आसपास जर्जर बिजली के तारों को समय रहते दुरुस्त कराने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की भी मांग की।
तमसा के पुलों पर लगे मजबूत सुरक्षा जाल
महासमिति ने हथिया गांव की ओर नया सुव्यवस्थित घाट विकसित करने के साथ ही तमसा नदी के पुलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर मजबूत सुरक्षा जाली अथवा रेलिंग लगाए जाने की मांग की है। पदाधिकारियों का कहना है कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों और नदी के आसपास पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जरूरी हैं।
मिथुन निषाद और लिली मौर्या ने आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संभावित विसर्जन स्थलों का सर्वेक्षण कराने और स्थायी कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध ढंग से कार्य कराने का आग्रह किया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विकास वर्मा, मिथुन निषाद, श्रीचन्द्र मौर्य, विशाल गुप्ता, हरिओम मोदनवाल, राजेंद्र गुप्ता, आदित्य सोनकर, विश्वजीत सिंह, शेखर मौर्या, विजय प्रकाश श्रीवास्तव, बलराम अग्रवाल, शुभम गौड़, विकास जायसवाल, गौतम बरनवाल, शिवम यादव, संदीप चौहान, दीपू दुबे, आशुतोष शर्मा, अमन चौधरी, अमन गर्ग, प्रताप मद्धेशिया, अरुण गुप्ता, राम विजय, अंकित गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, रिंकू सिंह सरदार, अजय मराठा, शानू चौरसिया, सुधीर गुप्ता, अभय रस्तोगी, सुशील प्रजापति, डॉ. अनुतोष वत्सल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।