
ईरनी गांव में कहासुनी के बाद मारपीट, अंशिका राजभर ने घर पर चढ़कर लाठी-डंडे से पीटने का लगाया आरोप
हिंदी न्यूज़ 24
बरदह, आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के ग्राम सभा ईरनी में पुलिया को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला के साथ लाठी-डंडे से मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है।
पीड़िता अंशिका राजभर पत्नी दीपक राजभर ने गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। अंशिका का आरोप है कि सपना राजभर, विनोद राजभर, श्यामलाल राजभर और खुशबू राजभर समेत एक ही परिवार के कुछ लोगों ने मिलकर उनके साथ लात-घूंसों और डंडे से मारपीट की।
घर पर चढ़कर मारपीट का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि विपक्षी उनके घर पर चढ़ आए और उनके साथ मारपीट की। मारपीट में उन्हें काफी चोटें आईं। आरोप यह भी है कि इस दौरान उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मामले को लेकर कार्रवाई की मांग की है।
परिवार का कहना है कि जिस स्थान पर पुलिया बनाई जा रही है, वहां आरोपित पक्ष का न तो कोई चक या खेत है और न ही वहां से उनका आवागमन होता है। इसके बावजूद पुलिया को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है और उनके परिवार के लोगों से झगड़ा किया जा रहा है।
पुलिसकर्मी पर उकसाने का भी आरोप
पीड़ित परिवार की ओर से अरविंद पुत्र महेंद्र, जो पुलिस विभाग में कार्यरत बताए जा रहे हैं, पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। परिवार का आरोप है कि वह दूसरे पक्ष के लोगों को कथित तौर पर मारपीट के लिए उकसाते हैं और कहते हैं कि आप लोग मारो-पीटो, जो होगा हम देख लेंगे। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
निष्पक्ष जांच की मांग
पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। परिवार का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि गांव में विवाद को लेकर दोबारा ऐसी स्थिति न बने।