गैंगस्टर की 1.92 करोड़ की संपत्ति कुर्क, महाकुंभ से अयोध्या तक करते थे ठगी

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

आजमगढ़ में गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई, 538.55 वर्ग मीटर जमीन प्रशासन ने कब्जे में ली


आजमगढ़। संगठित अपराध और अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस और राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना जीयनपुर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे की विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर गैंगलीडर राज उर्फ सवारिया की करीब एक करोड़ 92 लाख रुपये कीमत की 538.55 वर्ग मीटर अचल संपत्ति कुर्क कर ली गई।


जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ के आदेश पर शुक्रवार को थाना बिलरियागंज पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम नदौरा तकरकारी और गड़ेरी पट्टी में स्थित भूमि को डुगडुगी पिटवाकर नियमानुसार प्रशासनिक कब्जे में ले लिया।


महाकुंभ, काशी और अयोध्या में बनाते थे श्रद्धालुओं को निशाना
पुलिस के अनुसार, गैंगलीडर राज उर्फ सवारिया अपने साथियों के साथ संगठित आपराधिक गिरोह संचालित करता था। गैंग के सदस्य प्रयागराज महाकुंभ, वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर, अयोध्या राम मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों, मेलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर श्रद्धालुओं व आम लोगों को निशाना बनाते थे। आरोप है कि गिरोह के सदस्य सोने-चांदी के आभूषण और रुपये की टप्पेबाजी तथा चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर आर्थिक लाभ कमाते थे।


अपराध की कमाई से खरीदी गई जमीन
विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन का इस्तेमाल जमीन खरीदने में किया गया। पुलिस के मुताबिक, ग्राम नदौरा तकरकारी में 226.70 वर्ग मीटर और ग्राम गड़ेरी पट्टी में 311.85 वर्ग मीटर भूमि खरीदी गई थी। दोनों स्थानों की कुल भूमि 538.55 वर्ग मीटर है। राजस्व विभाग के चिन्हांकन और मूल्यांकन में इन संपत्तियों की अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹1.92 करोड़ आंकी गई। पुलिस के अनुसार, संपत्ति खरीदने और ऋण की किश्तों का भुगतान करने के संबंध में आरोपी की ओर से कोई वैध एवं पर्याप्त आय का स्रोत सामने नहीं आया। विवेचना में संपत्ति को अपराध से अर्जित धन से खरीदा जाना स्थापित होने के बाद गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्की की कार्रवाई की गई।


डुगडुगी पिटवाकर किया गया प्रशासनिक कब्जा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। जिला मजिस्ट्रेट के कुर्की आदेश के अनुपालन में राजस्व और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सार्वजनिक रूप से डुगडुगी पिटवाकर भूमि को प्रशासनिक कब्जे में लिया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा थाना जीयनपुर और बिलरियागंज की पुलिस टीम मौजूद रही। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।


कई मुकदमों में दर्ज है गैंग का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार राज उर्फ सवारिया और उसके गैंग से जुड़े सदस्यों के खिलाफ चोरी, टप्पेबाजी समेत अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना जीयनपुर, महराजगंज और लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज मुकदमे शामिल हैं। गैंग के खिलाफ मु0अ0सं0-507/2025, धारा 2(ख)(1)/3(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई दर्ज है।


पुलिस का संदेश—अपराध की कमाई पर चलेगा कार्रवाई का चाबुक
आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध, गैंगस्टरों, भूमाफियाओं और अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस के मुताबिक, अपराधियों की आर्थिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें कुर्क करने की कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *