तरवां-मेहनगर क्षेत्र में पुलिस की चोर गिरोह से दो मुठभेड़, दो बदमाशों को लगी गोली, कुल तीन बदमाश गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल, एक साथी मौके से दबोचा गया; तमंचा-कारतूस, नकदी और पीली धातु का सामान बरामद
आजमगढ़। तरवां थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस और अंतर्जनपदीय चोर गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए तीसरे आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने घेराबंदी की। मेहनगर थाना क्षेत्र में हुई दूसरी मुठभेड़ में फरार आरोपी भी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, तरवां थाना क्षेत्र के कंचनपुर नहर के पास पुलिस टीम की चोर गिरोह के सदस्यों से मुठभेड़ हुई। इस दौरान गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के सुखदेहरा निवासी 25 वर्षीय मुकेश यादव पुत्र अनिल यादव के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, मुकेश का साथी कुसनपुरा निवासी कमलेश पुत्र स्व. फतीगन भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मुठभेड़ के दौरान उनका तीसरा साथी विकास यादव अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया।
विकास की तलाश में आसपास के थानों को अलर्ट करते हुए पुलिस टीमों ने घेराबंदी शुरू की। इसी क्रम में मेहनगर थाना क्षेत्र के कटहन नहर पुलिया के पास पुलिस टीम का फरार आरोपी विकास यादव से सामना हो गया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान हुई मुठभेड़ में गाजीपुर निवासी 22 वर्षीय विकास यादव के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे भी घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
दोनों घायल आरोपियों को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से टप्पेबाजी से संबंधित पीली धातु के सामान, मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा-कारतूस और नकदी बरामद की गई है।
घटना के बाद मौके पर फील्ड यूनिट पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है। बरामदगी का विस्तृत विवरण और अन्य जानकारी पुलिस की ओर से जारी होने वाले प्रेस नोट में सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *