
बेटी की बीमारी ठीक कराने के नाम पर घर पहुंचने का आरोप, होश में आने पर गायब मिले सोने-चांदी के जेवर
आजमगढ़। कोतवाली क्षेत्र के जलंधरी मोहल्ले में बेटी की बीमारी ठीक कराने के नाम पर झाड़-फूंक करने पहुंचे लोगों पर नशीला पदार्थ खिलाकर घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने का आरोप लगा है। मामले में पीड़िता गुड़िया पत्नी शशाद अहमद की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेटी की तबीयत खराब होने का उठाया फायदा
तहरीर में गुड़िया ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी रोजी की कुछ दिनों से तबीयत खराब चल रही थी। बीमारी से परेशान होने के कारण झाड़-फूंक कराने की बात सामने आई। इसी दौरान इशरार अहमद निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी, दरका, कोतवाली आजमगढ़ अपने साथ अब्दुल राजिक निवासी कोईलारी, रानी की सराय को लेकर घर पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने बेटी को देखकर झाड़-फूंक करने की बात कही और उसे अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। बाद में झाड़-फूंक करने के बहाने घर में आकर नशीला पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया गया है।
बेहोशी के बाद घर से जेवरात गायब
तहरीर के मुताबिक, नशीला पदार्थ दिए जाने के बाद गुड़िया और परिवार के अन्य लोग बेहोशी की हालत में चले गए। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी घर की अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात निकालकर फरार हो गए। होश में आने के बाद परिजनों ने घर में सामान बिखरा देखा और अलमारी से जेवरात गायब मिले। पीड़िता ने तहरीर में आरोप लगाया है कि चोरी किए गए जेवरात को सूरज सेठ नामक व्यक्ति को बेच दिया गया। बाद में जब उसने अपने जेवरात वापस मांगने की बात कही तो उसे धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
तीन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
एफआईआर में पुलिस ने इशरार अहमद, अब्दुल राजिक और सूरज सेठ को आरोपी बनाया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव को सौंपी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।