
दीदारगंज थाना क्षेत्र की घटना, परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा; युवती की तलाश में जुटी पुलिस
आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए एक युवक पर 19 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगा है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने बिहार निवासी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 10 अगस्त 2026 की सुबह करीब 10 बजे 19 वर्षीय युवती घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों का आरोप है कि युवती की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक से बातचीत होती थी। आरोप है कि उक्त युवक ने सोशल मीडिया के जरिए युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ कहीं ले गया। आरोपी का संबंध बिहार से बताया गया है।
परिजनों के अनुसार, युवती अपना मोबाइल फोन भी साथ ले गई है, लेकिन उसका मोबाइल नंबर बंद आ रहा है। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई।परिजनों की तहरीर के आधार पर दीदारगंज पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस युवती की बरामदगी के साथ ही सोशल मीडिया के जरिए हुए संपर्क और पूरे मामले की जांच में जुटी है।