महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सम्मेलन में भाजपा सरकार पर साधा निशाना, 2027 में सपा की सरकार बनने का किया दावा

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर का आजमगढ़ में हुआ जोरदार स्वागत
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर के बुधवार को जिला समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचने पर महिला नेत्रियों ने भव्य स्वागत किया। महिला सभा की जिलाध्यक्ष बबीता चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया। जिला प्रवक्ता पप्पू कुमार यादव ने स्मृति चिह्न भेंट किया।


पार्टी कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को संबोधित करते हुए सीमा राजभर ने 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि इस बार जनता दलबदलुओं को सबक सिखाएगी।
उन्होंने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के बयानों पर भी निशाना साधा। कहा कि वह सरकार में मंत्री हैं और यदि चाहते तो मुख्यमंत्री से मिलकर राजभर समाज के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल कर सकते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बजाय उनका ध्यान अपने बेटे को विधायक बनाने की राजनीति पर अधिक है।


सीमा राजभर ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, रोजगार और किसानों के कल्याण के क्षेत्र में काम किया जाएगा। भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार विफल रही है। मंदिर-मस्जिद के मुद्दों को लेकर बार-बार दिए जा रहे बयानों से जनता ऊब चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म और जाति के नाम पर लोगों को बांटकर सत्ता हासिल करने की कोशिश की गई, जबकि भ्रष्टाचार के कारण आम जनता परेशान है। उन्होंने पिछड़े वर्गों, दलितों और अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न का भी आरोप लगाया। कहा कि अमीर और गरीब के बीच अंतर लगातार बढ़ रहा है।


दुर्गा प्रसाद यादव ने गिनाईं सपा सरकार की योजनाएं
पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा महिलाओं को सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में कन्या विद्याधन और अखिलेश यादव के कार्यकाल में लैपटॉप वितरण सहित महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में पंचायतों में महिलाओं को आरक्षण देकर उनकी भागीदारी बढ़ाई गई।
उन्होंने भाजपा सरकार पर महिलाओं के शोषण का आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए।
कार्यक्रम में सिंगारी गौतम, प्रेमा यादव, सना परवीन, सुषमा चौहान और इंदु यादव समेत अन्य ने विचार व्यक्त किए। कलाकार रवि रांझा जौनपुर, अनुपमा भारती और हरकेश यादव ने समाजवादी गीत प्रस्तुत किए, जिस पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं।
कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता पप्पू कुमार यादव ने किया। इस दौरान सुषमा चौहान, सुशीला गौतम, सुनीता उपाध्याय, गुड्डी देवी, द्रौपदी पांडेय, सुनीता राजभर, भानुमति सरोज, प्रेमा यादव, सना परवीन, मीनू भारती, मीरा गिरी, आशा राजभर, विमल चौहान, साधना भारती, संध्या राघवन और पूनम यादव समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *