
बरदह थाना पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में नामजद अभियुक्ता को किया गिरफ्तार, पति की मौत के बाद बेटे की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बरदह थाना पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में नामजद महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, जौनपुर जनपद के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आरा निवासी अनुज पाठक ने 31 जुलाई को बरदह थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके पिता उपेन्द्र पाठक ने करीब नौ वर्ष पूर्व बरदह थाना क्षेत्र के सहनूडीह निवासी सुप्रिया पाठक से दूसरी शादी की थी। दोनों का एक पुत्र भी है।

वादी का आरोप है कि सुप्रिया पाठक अपने पति के साथ लगातार दुर्व्यवहार और प्रताड़ना करती थी। 30 जुलाई को उपेन्द्र पाठक अपनी ससुराल सहनूडीह गए थे, जहां कथित रूप से पत्नी और उसके परिजनों द्वारा प्रताड़ित किए जाने के बाद उनकी मृत्यु हो गई। इस मामले में बरदह थाने में मु0अ0सं0 260/26 के तहत धारा 108 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान शनिवार को उपनिरीक्षक मनीष सिंह ने पुलिस टीम के साथ ग्राम सहनूडीह में दबिश देकर नामजद अभियुक्ता सुप्रिया पाठक को सुबह करीब 11:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनीष सिंह, कांस्टेबल संदेश मौर्य, आरक्षी उत्सवपति त्रिपाठी तथा महिला आरक्षी ऋषिता गुप्ता शामिल रहीं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।