
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने महिला स्वरोजगारियों के स्टॉलों का किया उद्घाटन, कहा- महिलाओं की आर्थिक मजबूती से परिवार और समाज भी होगा सशक्त हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार से जोड़ने की दिशा में प्रशासन ने नई पहल की है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित पिंक प्रेरणा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत रविवार को विकास खंड तहबरपुर परिसर के सामने महिला स्वरोजगारियों के स्टॉलों का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने फीता काटकर स्टॉलों का उद्घाटन किया। पिंक ठेला स्वरोजगार के तहत चयनित 10 महिलाओं को व्यवसाय संचालन के लिए ठेले आवंटित किए गए हैं।
इस पहल का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपना कारोबार शुरू करने का अवसर देना और उनकी आमदनी बढ़ाकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। विकास खंड परिसर के सामने स्थापित इन ठेलों के माध्यम से महिलाएं विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन कर अपनी आजीविका अर्जित करेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र में महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।
उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी ने महिला स्वरोजगारियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और उनके व्यवसाय से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस तरह की पहल से महिलाएं अपनी आजीविका के लिए आत्मनिर्भर बनेंगी और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाएंगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला स्वरोजगारियों को व्यवसाय संचालन के लिए जरूरी सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि उनके कारोबार सुचारु रूप से संचालित हों और उन्हें नियमित रूप से आय अर्जित करने का अवसर मिले।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर देशभूषण कंडारकर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी निजामाबाद, अपर पुलिस अधीक्षक, उपायुक्त स्वतः रोजगार आराधना त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी तहबरपुर सिद्धार्थ सिंह (आईएएस), प्रमुख क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि अजीत यादव सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।
इसके अलावा विकास खंड के सहायक विकास अधिकारी, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा), ग्राम पंचायत सचिव और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एडीओ दुर्गा प्रसाद राय ने किया।