एसएसपी ने पुलिस लाइन में परेड की ली सलामी, व्यवस्थाओं का किया व्यापक निरीक्षण

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

यूपी-112 वाहनों की कमियां दूर करने, डॉग स्क्वाड की नियमित ट्रेनिंग और पुलिसकर्मियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश


आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने शुक्रवार को पुलिस लाइन पहुंचकर परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की वर्दी, अनुशासन और टर्नआउट का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहते हुए पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए निर्देशित किया।


परेड निरीक्षण के बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने मेस, निर्माणाधीन आवासीय परिसर, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, आरटीसी कार्यालय, सब्सिडी कैंटीन, जनपद नियंत्रण कक्ष, मोटर वाहन शाखा, स्टोर, क्वार्टर गार्द, शस्त्रागार, गैस एजेंसी, नफीस कार्यालय सहित अन्य शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित शाखाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।


यूपी-112 की व्यवस्था पर विशेष जोर
एसएसपी ने यूपी-112 के दोपहिया और चारपहिया वाहनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों में मिली तकनीकी एवं भौतिक कमियों को तत्काल दूर कराने के लिए प्रभारी यूपी-112 को निर्देशित किया।
उन्होंने यूपी-112 में तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता, व्यवहार और डिस्पैच प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए जनता के साथ मधुर व्यवहार करने, सूचना मिलने पर त्वरित प्रतिक्रिया देने और पूरी कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने यूपी-112 वाहनों में दंगा नियंत्रण उपकरण, टैबलेट और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही वाहनों की नियमित साफ-सफाई एवं उचित रख-रखाव पर भी जोर दिया।


डॉग स्क्वाड की कार्यक्षमता और स्वास्थ्य की ली जानकारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने डॉग स्क्वाड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डॉग्स की कार्यक्षमता, प्रशिक्षण और स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। साथ ही उनके खान-पान, स्वास्थ्य और रख-रखाव की व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को डॉग्स को नियमित प्रशिक्षण देने और उनकी कार्यक्षमता बनाए रखने के लिए आवश्यक अभ्यास कराने के निर्देश दिए। बेहतर देखभाल और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


अर्दली रूम में सुनी पुलिसकर्मियों की समस्याएं
निरीक्षण के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अर्दली रूम का आयोजन कर पुलिसकर्मियों की समस्याओं और विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं एवं प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और मनोबल बनाए रखने के लिए विभागीय व्यवस्थाओं को बेहतर रखना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *