
हर शनिवार विशेष आधार शिविर का होगा आयोजन, आधार केंद्र वाले उप डाकघरों में भी मिलेगी सुविधा
आजमगढ़। आमजन की सुविधा और आधार संबंधी सेवाओं को और अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से प्रधान डाकघर आजमगढ़ में अब आधार नामांकन एवं अद्यतन का कार्य दो पालियों में किया जाएगा। प्रत्येक कार्य दिवस पर नागरिकों को सुविधानुसार आधार संबंधी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
प्रथम पाली में सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक और द्वितीय पाली में सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक आधार नामांकन एवं अद्यतन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
हर शनिवार लगेगा विशेष आधार शिविर
आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक शनिवार को विशेष आधार शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। इस दौरान प्रधान डाकघर आजमगढ़ के अलावा जनपद के उन सभी उप डाकघरों में भी आधार नामांकन एवं अद्यतन का कार्य किया जाएगा, जहां आधार केंद्र संचालित हैं।
अधिक लोगों को सुविधा देना उद्देश्य
प्रवर डाक अधीक्षक आजमगढ़ मंडल बीके पाण्डेय ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सुविधाजनक समय पर आधार नामांकन एवं अद्यतन की सेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि आधार में आवश्यक संशोधन कराने अथवा नया नामांकन कराने वाले लोग निर्धारित समय में अपने निकटतम आधार केंद्र पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।
डाक विभाग की ओर से आधार सेवाओं के विस्तार और विशेष शिविरों के माध्यम से नागरिकों को बेहतर एवं सहज सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया गया है।