
वाराणसी जोन की 29वीं अंतर्जनपदीय शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, चार पुलिसकर्मियों ने हासिल किए प्रथम-द्वितीय स्थान
आजमगढ़। वाराणसी जोन की 29वीं अंतर्जनपदीय शूटिंग प्रतियोगिता में आजमगढ़ पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। मिर्जापुर में 4 से 7 अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता में वाराणसी जोन के सात जनपदों की पुलिस टीमों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न शूटिंग स्पर्धाओं में सर्वाधिक अंक अर्जित कर आजमगढ़ पुलिस टीम ने चल वैजयन्ती शील्ड अपने नाम कर ली।
प्रतियोगिता में आजमगढ़ पुलिस के खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी शानदार प्रदर्शन किया। मु0 आ0 निखिल ने 100 गज स्टैंडिंग पोजीशन में द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं महिला आरक्षी शिरीना बानो ने 10 मीटर एयर पिस्टल महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इसी क्रम में महिला आरक्षी रीमा सिंह ने 300 मीटर थ्री पोजीशन बिग बोर स्पर्धा में द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि आरक्षी अंकित सिंह ने 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
आजमगढ़ पुलिस टीम ने सभी शूटिंग प्रतिस्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक अंक अर्जित किए और चल वैजयन्ती शील्ड की विजेता बनी। इस उपलब्धि से पुलिस महकमे के साथ ही जिले का भी गौरव बढ़ा है।
एसएसपी ने दी विजेता पुलिसकर्मियों को बधाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विजेता पुलिसकर्मियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पुलिसकर्मियों की लगन, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और उत्कृष्ट खेल भावना का परिणाम है।
एसएसपी ने विजेता प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन कर आजमगढ़ और उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस विभाग की ओर से बताया गया कि पुलिसकर्मियों के व्यावसायिक कौशल के साथ-साथ शूटिंग और अन्य खेल प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।