
शुक्रवार रात घर से निकले थे, सोमवार सुबह ग्रामीण ने देखा शव; मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात
रिपोर्ट : शैलेश कुमार सिंह
बलरामपुर। सरायमीर थाना क्षेत्र के चकिया इब्राहीमपुर गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के पश्चिम स्थित कब्रिस्तान में 70 वर्षीय वृद्ध का शव शीशम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वृद्ध के पुत्र हवलदार के अनुसार, उनके पिता शुक्रवार रात करीब आठ बजे घर से निकले थे। इसके बाद से परिवार के लोग उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे गांव का एक युवक पश्चिमी कब्रिस्तान की ओर गया। वहां उसने वृद्ध का शव शीशम के पेड़ से लटका देखा। युवक ने तत्काल इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शव को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सरायमीर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार, वृद्ध की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह एक पुत्र और चार पुत्रियों के पिता थे।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।