
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई त्रैमासिक समीक्षा बैठक
आजमगढ़। जनपद में संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और गैंगेस्टर एक्ट के सख्त अनुपालन को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न थानों से गैंगेस्टर एक्ट के तहत प्राप्त प्रस्तावों और गैंगचार्ट का विधिक एवं तथ्यात्मक परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने प्रत्येक प्रस्ताव पर विस्तार से विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिए तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि संगठित अपराध, अवैध गतिविधियों और समाज विरोधी तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि गैंगेस्टर एक्ट के तहत भेजे जाने वाले सभी प्रस्ताव ठोस साक्ष्यों और विधिक प्रावधानों के अनुरूप तैयार किए जाएं, ताकि न्यायालय में कार्रवाई मजबूत बनी रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि गैंगचार्ट तैयार करते समय सभी तथ्यों का गहन परीक्षण किया जाए और संगठित अपराधियों के खिलाफ समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में लंबित मामलों की समीक्षा, प्रस्तावों की गुणवत्ता, विधिक औपचारिकताओं की पूर्ति तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) पंकज श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक अभियोजन सहित सभी पुलिस उपाधीक्षक, थानाध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।