– पीआरबी पुलिसकर्मियों को बंधक बना कर लूट लिया था मोबाइल और नगदी
– पारिवारिक विवाद की सूचना पर चकराम गरीब गॉव पहुंची थी पीआरबी टीम
आजमगढ़। पवई थाना पुलिस ने पीआरबी टीम को बंधक बनाकर सरकारी मोबाइल व नगदी की लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पीआरबी टीम शनिवार की रात पवई थाना क्षेत्र के चकराम गरीब गांव में पारिवारिक विवाद की सूचना पर पहुंची थी।गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटी गई मोबाइल और नकदी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे डायल-112 पर मिली पारिवारिक विवाद की सूचना पर पीआरवी -7470 पर तैनात कांस्टेबल भीमसेन और होमगार्ड/चालक बलिराम चौहान पवई थाना क्षेत्र के ग्राम चकराम गरीब में पहुंचे थे। पूछताछ के दौरान मनोज बिंद, विनय बिंद, संतोष बिंद, वंशराज बिंद समेत अन्य लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों की नेमप्लेट तोड़ दी गई, उन्हें बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी गई तथा सरकारी सीयूजी मोबाइल और कांस्टेबल की जेब से ₹700 छीन लिए गए। इस मामले में थाना पवई पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मुखबिर की सूचना पर पवई थाना पुलिस ने रविवार की सुबह खण्डौरा अंडरपास के पास से मनोज बिंद, विनय बिंद, संतोष बिंद और वंशराज बिंद, सभी निवासी ग्राम चकराम गरीब, थाना पवई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मनोज बिंद के कब्जे से लूटा गया सरकारी सीयूजी मोबाइल तथा अन्य आरोपियों के पास से कुल ₹700 नकद बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस भी बढ़ाई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि पारिवारिक विवाद के दौरान पुलिस के पहुंचने पर उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, उन्हें बंधक बनाया और मोबाइल व नकदी छीन ली थी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पहले से भी चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।