23 लाख बच्चों को मिलेगी कृमिनाशक दवा, डीएम ने छात्राओं को खिलाकर अभियान का किया शुभारंभ

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


आजमगढ़ में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान शुरू, 22 विकासखंडों में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को दी जाएगी एल्बेंडाजोल की गोली; 14 अगस्त को होगा मॉप-अप दिवस
आजमगढ़। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैदोपुर में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने छात्राओं को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर जनपद में अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी कैडेट्स द्वारा जिलाधिकारी को सलामी और मार्चपास्ट के साथ हुई। इसके बाद छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।


जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और स्वस्थ भविष्य के लिए कृमि संक्रमण से बचाव बेहद जरूरी है। पेट में होने वाले कृमि संक्रमण से बच्चों के शरीर में पोषक तत्वों का अवशोषण प्रभावित होता है, जिससे कमजोरी और खून की कमी के साथ उनके शारीरिक एवं बौद्धिक विकास पर भी असर पड़ सकता है।


उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और बाल विकास विभाग की टीमों को आपसी समन्वय से अभियान चलाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र बच्चा कृमिनाशक दवा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की।


23,19,973 बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि जिले के सभी 22 विकासखंडों में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 23,19,973 बच्चों को एल्बेंडाजोल 400 एमजी की कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


अभियान को सफल बनाने के लिए 4,280 आशा कार्यकत्रियों, 5,588 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, 3,079 राजकीय विद्यालयों और 3,054 निजी विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया है।
सीएमओ ने बताया कि 10 अगस्त को विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दवा खिलाई जा रही है। किसी कारण से जो बच्चे इस दिन दवा लेने से रह जाएंगे, उन्हें 14 अगस्त को मॉप-अप दिवस पर कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी।


स्वास्थ्य और पोषण में सुधार अभियान का उद्देश्य
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के साथ उनके स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास में सुधार सुनिश्चित करना है। विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर कृमिनाशक दवा अवश्य दिलाएं।


ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. उमाशरण पांडेय, डॉ. अब्दुल अजीज, डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेंद कुमार, डॉ. मोहनलाल, डिप्टी सीएमओ एवं एनडीडी नोडल अधिकारी डॉ. अविनाश झा, जिला विद्यालय निरीक्षक, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या रूबी खातून, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, एनीमिया मुक्त भारत के रीजनल कोऑर्डिनेटर चंद्रजीत सिंह, एबीएसए, सीडीपीओ, जिला समन्वयक एनडीडी प्रदीप मिश्रा सहित स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *