
जनवरी 2026 से नहीं मिला वेतन, आर्थिक संकट से जूझ रहे चतुर्थ श्रेणी कर्मियों ने तत्काल भुगतान की मांग की
आजमगढ़। स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का वेतन जनवरी 2026 से अब तक नहीं मिलने का मामला सामने आया है। करीब छह माह से वेतन का भुगतान न होने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परेशान कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बकाया वेतन का तत्काल भुगतान कराने की मांग की है।
मुख्य चिकित्साधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में कर्मचारियों ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का जनवरी 2026 से वेतन बकाया चल रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि वे लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद समय से वेतन नहीं मिल पा रहा है।
प्रार्थना पत्र में अमन मोदी और संतोष यादव सहित अन्य कर्मचारियों के नाम दर्ज हैं। कर्मचारियों ने कहा कि वे अल्पवेतनभोगी श्रेणी में आते हैं और परिवार के भरण-पोषण के लिए इसी वेतन पर निर्भर हैं। कई माह से भुगतान नहीं होने के कारण घर-गृहस्थी चलाने में काफी परेशानी हो रही है।
कर्मचारियों ने सीएमओ से कहा कि उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए बकाया वेतन भुगतान की प्रक्रिया तत्काल शुरू कराई जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
कर्मचारियों का कहना है कि छह माह से अधिक समय से वेतन लंबित होने के बावजूद अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में अब उन्हें विभागीय स्तर से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद है।