
पेपर लीक पर जताई चिंता, परीक्षा व्यवस्था में सुधार की उठाई मांग
आलम बदी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से हुए रूबरू
आजमगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री व सपा मुखिया अखिलेश यादव जनपद आगमन पर मीडिया से भी रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राजनीतिक घटनाक्रमों के साथ ही अन्य मुद्दों पर बात किया। आज के सबसे बड़े राजनीतिक घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का इस्तीफा ‘जेन जी’ (Gen Z) की बड़ी जीत है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के संघर्ष और एकजुटता के सामने सरकार को आखिरकार झुकना पड़ा और अब उसके जाने का समय आ गया है। यदि सरकार को अपना निर्णय बदलना ही था तो पहले छात्रों से संवाद करना चाहिए था। समय रहते बातचीत होती तो आंदोलन और तनाव की स्थिति पैदा ही नहीं होती।
अखिलेश यादव ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। केवल एक फैसला लेने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि भर्ती और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और भरोसेमंद बनाना होगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले युवाओं के साथ है। छात्रों पर बल प्रयोग को अनुचित बताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों का समाधान संवाद और संवेदनशीलता से होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि युवाओं के अधिकार, रोजगार और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग उठाना राजनीति है, तो समाजवादी पार्टी ऐसी राजनीति करती रहेगी और युवाओं की आवाज बुलंद करती रहेगी।