
दिनदहाड़े फायरिंग से मचा हड़कंप, हाथ और पैर में लगी गोली, सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर
अहरौला के असिलाई मोड़ के पास वारदात, मुंह बांधकर आए थे दो हमलावर, घटना के बाद बाइक से फरार, पुलिस जांच में जुटी
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़/अहरौला। अहरौला थाना क्षेत्र के असिलाई मोड़ के पास शनिवार को दिनदहाड़े उस समय सनसनी फैल गई, जब ढाबे की ओर पैदल जा रहे 18 वर्षीय युवक पर अपाचे सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली युवक के हाथ और पैर में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
घायल युवक की पहचान पकड़ी गांव निवासी आर्यन उर्फ अर्पित (18) पुत्र मनोज यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि आर्यन का गांव के बाईपास पर ढाबा है। शनिवार को करीब दो बजे वह पैदल अपने ढाबे की ओर जा रहा था। जैसे ही वह असिलाई मोड़ के पास पहुंचा, तभी अपाचे बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे।
प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार, दोनों हमलावरों ने अपना मुंह बांध रखा था। उन्होंने आर्यन को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग में एक गोली आर्यन के पैर और दूसरी हाथ में लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया।

गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर जुटे लोग
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस, हमलावरों की तलाश तेज
घटना की जानकारी मिलते ही अहरौला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटना के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित रास्तों पर जांच कर रही है।
दिनदहाड़े युवक को गोली मारे जाने की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे क्या कारण रहा और हमलावर कौन थे, इसकी जांच की जा रही है। हमलावरों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।