बरदह में दो पक्षों के बीच संघर्ष, पुलिस से भी धक्का-मुक्की, 9 लोगों पर मुकदमा दर्ज

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद लाठी-डंडों तक पहुंचा, बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस के सरकारी कार्य में भी बाधा डालने का आरोप

तमरपुर गांव में तनाव, मारपीट में कई लोग घायल; बीएनएस की गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ केस

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के तमरपुर गांव में दो पक्षों के बीच गाली-गलौज को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते लाठी-डंडों से मारपीट में बदल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि दोनों पक्ष पुलिसकर्मियों से भी धक्का-मुक्की पर उतारू हो गए और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। मामले में पुलिस ने कुल नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


एफआईआर के अनुसार, 4 अगस्त 2026 की रात थाना बरदह की पीआरवी टीम सूचना मिलने पर तमरपुर गांव पहुंची। वहां प्रथम पक्ष और द्वितीय पक्ष के लोग आपस में गाली-गलौज और लाठी-डंडों से मारपीट कर रहे थे। पुलिस ने माहौल शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों ने पुलिस की बात नहीं मानी।


इस मारपीट में ममता देवी, रजनीश गौड़ और प्रदीप गौड़ के घायल होने का उल्लेख किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था और भविष्य में किसी गंभीर घटना तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।


पुलिस ने इस मामले में श्याम राजभर, ममता देवी, विकास राजभर, करण राजभर, रजनीश गौड़, सन्नी गौड़, मनीष गौड़, अंगनू गौड़ तथा प्रदीप गौड़ के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 3(5), 115(2), 352, 351(3) एवं 132 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक पुनीत कुमार को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *