
18 गोवंशीय पशुओं की बरामदगी के मामले में कंधरापुर पुलिस की प्रभावी पैरवी लाई रंग, जिलाधिकारी ने दोनों वाहनों के जब्तीकरण का सुनाया आदेश हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। गोवंशीय पशुओं की तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कंधरापुर थाना क्षेत्र में 18 गोवंशीय पशुओं के साथ पकड़े गए ट्रक और तस्करी में रेकी के लिए इस्तेमाल की जा रही डस्टर कार को जिलाधिकारी ने राज्य सरकार के पक्ष में जब्त करने का आदेश दिया है। पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद हुई इस कार्रवाई से गोवंश तस्करी में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा है।
पुलिस के मुताबिक, 30 नवंबर 2025 को एसओजी प्रभारी संजय कुमार सिंह और कंधरापुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ट्रक संख्या UP62T5312 में क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 18 गोवंशीय पशु बरामद किए गए। ट्रक के आगे-आगे चल रही डस्टर कार संख्या UP16AN3096 से रेकी की जा रही थी। मामले में आठ अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस, आयुध अधिनियम, गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक मुबारकपुर द्वारा की गई। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर नामजद एवं प्रकाश में आए सभी अभियुक्तों के विरुद्ध 28 जून 2026 को न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया गया।
अपराध में इस्तेमाल वाहनों पर प्रशासन की कार्रवाई
पुलिस ने मामले में बरामद ट्रक और डस्टर कार को गोवंश तस्करी में इस्तेमाल किए जाने के आधार पर जब्त कराने की कार्रवाई शुरू की। दोनों वाहनों के स्वामी भी मुकदमे में नामजद अभियुक्त हैं। कंधरापुर पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम की धारा 5(क) की उपधारा (7) के तहत जब्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट और संबंधित अभिलेख भेजे थे।
अभिलेखों और पुलिस की रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी आजमगढ़ ने 12 अक्टूबर 2026 को दोनों वाहनों को राज्य सरकार के पक्ष में सम्पहरण यानी जब्त करने का आदेश पारित कर दिया। पुलिस ने इसे गोवंश तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई बताते हुए कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।