आजमगढ़: अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने वाला आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


रौनापार थाना क्षेत्र में युवती को धमकाकर शोषण का आरोप, साइबर सेल ने मोबाइल लोकेशन से आरोपी को बोइसर से दबोचा
आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र में युवती के अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने 34 वर्षीय आरोपी प्रमोद गोंड को महाराष्ट्र के पालघर जिले के बोइसर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने युवती से दोस्ती के बाद उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उसके अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए।
आरोप है कि आरोपी इन फोटो-वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर युवती पर बार-बार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता रहा। बाद में उसने कथित तौर पर फोटो-वीडियो वायरल भी कर दिए। मामले में 13 जुलाई 2026 को रौनापार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
NBW के बाद साइबर सेल ने ट्रेस की लोकेशन
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से गैर जमानती वारंट (NBW) जारी कराया गया था। इसके बाद साइबर सेल की तकनीकी टीम ने आरोपी के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जो महाराष्ट्र के बोइसर में मिली।
सूचना के आधार पर रौनापार पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम महाराष्ट्र पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से टीम ने श्रीराम फेडरेशन कंपनी, बोइसर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
ट्रांजिट रिमांड पर आजमगढ़ लाया गया
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पालघर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे आजमगढ़ लाया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2)(ड), 108 और आईटी एक्ट की धारा 67ए के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी में साइबर सेल की तकनीकी टीम की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *