पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के फुलवरिया टोल प्लाजा की घटना, टोल सुपरवाइजर की तहरीर पर जैतपुर थाने में एफआईआर
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के मक्खापुर गांव निवासी एवं विधान परिषद सदस्य रामसूरत राजभर के पुत्र संदीप राजभर पर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के फुलवरिया टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इस मामले में अंबेडकरनगर जिले के जैतपुर थाने की पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गाजीपुर जिले के नोनहरा थाना क्षेत्र के चक फरीद गांव निवासी अजीत राय पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के स्टोन संख्या-203 स्थित फुलवरिया टोल प्लाजा पर सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि 14 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे संदीप राजभर बिना नंबर की स्कॉर्पियो से टोल प्लाजा पहुंचे और टोल शुल्क दिए बिना वाहन निकालने का प्रयास किया।
शिकायत के अनुसार, जब टोल कर्मियों ने वाहन रोककर शुल्क जमा करने के लिए कहा तो संदीप राजभर कथित तौर पर वाहन से उतरकर टोल प्लाजा के केबिन में घुस गए और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इस दौरान कुछ कर्मचारियों को चोटें भी आईं।
घटना के अगले दिन टोल सुपरवाइजर अजीत राय ने जैतपुर थाने में संदीप राजभर एवं उनके साथियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। घटनास्थल के साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों का संकलन किया जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।