आजमगढ़: गलत ब्लड चढ़ाने से प्रसूता की मौत, पति ने निजी अस्पताल पर लगाया गंभीर आरोप

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर

अहरौला क्षेत्र का मामला परिजनों में मचा कोहराम, अस्पताल प्रशासन पर कार्रवाई की मांग


आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र स्थित शहनाज मेमोरियल हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत के बाद हड़कंप मच गया। मृतका के पति ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गलत ब्लड चढ़ाने से पत्नी की मौत होने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पुलिस को तहरीर देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।


जानकारी के अनुसार, अहरौला क्षेत्र निवासी ओमकार मौर्य अपनी पत्नी करिश्मा मौर्य को 15 जुलाई को प्रसव पीड़ा होने पर शहनाज मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराए थे। 16 जुलाई को डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया, जिसके बाद करिश्मा ने एक बच्ची को जन्म दिया। ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने तत्काल रक्त की आवश्यकता बताई।


पति ओमकार मौर्य का आरोप है कि उनका ब्लड ग्रुप पत्नी से मेल खाने के बावजूद डॉक्टरों ने उनका रक्त लेने से मना कर दिया और बाहर से ₹8,000 में रक्त मंगवाकर चढ़ाया गया। आरोप है कि 16 जुलाई की रात चढ़ाया गया रक्त गलत था, जिससे 17 जुलाई की सुबह करिश्मा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। रक्तचाप गिरने के बाद डॉक्टरों ने उपचार किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।


ओमकार का दावा है कि बाहर से आए एक डॉक्टर ने जांच के दौरान गलत ब्लड चढ़ाए जाने की बात कही। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने करिश्मा को दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन एंबुलेंस अस्पताल से कुछ ही दूरी पर पहुंची थी कि उनकी हालत और बिगड़ गई। मुंह से झाग और खून निकलने लगा तथा रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।


घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। ओमकार मौर्य ने अहरौला थाना प्रभारी को तहरीर देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी डॉक्टरों व अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *