
मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल और एएसपी सिटी मानुष पारीक ने सुनीं महिला फरियादियों की समस्याएं
शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण पर दिया जोर
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत शनिवार को मार्टिनगंज तहसील के दीदारगंज थाना क्षेत्र में पिंक समाधान दिवस/मिशन शक्ति तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने की।
समाधान दिवस के दौरान महिला फरियादियों और आम नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों तथा प्रार्थना पत्रों को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ सुना गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को त्वरित सहायता और न्याय मिल सके।
महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण पर जोर
कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरतने और पीड़ितों को समय से न्याय दिलाने की आवश्यकता पर बल दिया।
यह आयोजन अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत किया गया। आजमगढ़ पुलिस ने दोहराया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए वह प्रतिबद्ध है।